CG WEATHER UPDATE : Cold wave wreaks havoc in Chhattisgarh…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1–3°C की और गिरावट की चेतावनी दी है। सरगुजा संभाग में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है, जबकि पूरे राज्य का मौसम शुष्क बना हुआ है।
अंबिकापुर में सीजन का सबसे कम तापमान
अंबिकापुर इस सीजन का सबसे ठंडा शहर बन गया है। यहां पारा 6.9°C तक लुढ़क गया। घने कोहरे और तेज ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपा दिया है। जशपुर और पेंड्रा में भी लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचाव कर रहे हैं। प्रशासन ने सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
रायपुर में न्यूनतम तापमान 13.3°C
राजधानी रायपुर में भी ठंड तेजी से बढ़ी है। यहां न्यूनतम तापमान 13.3°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री कम है। 5 दिसंबर को रायपुर में धुंध छाई रहने और अधिकतम तापमान 28°C रहने की संभावना है।
दुर्ग फिर सबसे गर्म
दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 30.2°C दर्ज हुआ। दिन में धूप के कारण राहत मिलती है, लेकिन शाम ढलते ही तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई।
रायगढ़ में भी बढ़ी ठंड
रायगढ़ में सर्दी का असर और बढ़ा है। यहां न्यूनतम तापमान 12.4°C और अधिकतम 26.7°C रिकॉर्ड किया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह और देर शाम ठिठुरन काफी बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में सर्दी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

