CG News: Allegations of a 5.5 million-acre land scam; warning of a march to Parliament in Delhi.
CG NEWS: छत्तीसगढ़ी भवन में छसपा, छबेस, छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा और छत्तीसगढ़ सर्व किसान समाज के पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश में कथित 55 लाख एकड़ भूमि घोटाले को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की गई।
बैठक में आदिवासी समाज के परसराम ध्रुव, सतमन साय और राम सिंह कंवर ने आरोप लगाया कि सरकारी, आदिवासी, जंगल और नेशनल हाईवे से जुड़ी जमीनों के कूट रचित दस्तावेज तैयार कर कथित तौर पर अवैध तरीके से बिक्री एवं हस्तांतरण किया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि इस मामले को लेकर राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली और लोक भवन, राजधानी में शपथ-पत्र के माध्यम से शिकायतें प्रस्तुत की गई हैं।
वक्ताओं ने कहा कि गंभीर आरोपों के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से आदिवासी और किसान समाज में असंतोष बढ़ रहा है। बैठक में महासमुंद कलेक्टर विनय लहंगे, एसडीएम अक्षय चौधरी और पुलिस कर्मचारी अजय त्रिपाठी समेत संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। संगठनों ने कहा कि जांच में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
बैठक में चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर आदिवासी समाज और किसान संगठन नई दिल्ली में संसद मार्च करेंगे। साथ ही सरकार के खिलाफ आंदोलन को व्यापक स्तर पर तेज करने की बात कही गई।
बैठक में अनिल दुबे, लालाराम वर्मा, चंद्र प्रकाश साहू, बृज बिहारी साहू, गोवर्धन वर्मा, श्यामूराम सेन, चेतन देवांगन, विमलेश चंद्राकर, हिमांशु चंद्राकर, बिसरूराम कुर्रे, संतु ठाकुर, गंगाराम साहू और यश कामले सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
