CG Health Minister: Shyam Bihari Jaiswal held a review meeting of the Health Department!
नवा रायपुर : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति, अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों से जिलेवार जानकारी लेते हुए दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सुविधाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए और मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में अस्पतालों की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा चिकित्सा उपकरणों के नियमित रखरखाव, स्वास्थ्य कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और कमियों को तत्काल दूर करने पर जोर दिया। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर, सुगम और जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
