CG FDA Raid: Unlicensed premises sealed; 21 cartons of Sonpapdi also seized!
रायपुर, 20 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए छत्तीसगढ़ में “बने खाबो, बने रहिबो 2.0” सात दिवसीय विशेष अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने प्रदेशभर में मिठाई दुकानों, होटल, डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की।
दो दिनों में मिठाई, पनीर, घी, खोवा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजे गए। दुर्ग में बिना खाद्य लाइसेंस संचालित मुस्कान फूड प्रोडक्ट का परिसर सील किया गया, जबकि बिलासपुर में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण पाए जाने पर श्रीराम स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान बंद कराया गया और करीब 15 किलो बर्फी नष्ट कराई गई।
बलौदाबाजार में खराब चिकन उत्पाद और बूंदी तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में करीब 1 किलो चमचम नष्ट कराया गया। सरगुजा में बिना आवश्यक लेबल वाली 21 पेटी सोनपापड़ी जब्त की गई।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सही लेबलिंग और खाद्य लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उपभोक्ताओं से भी मिठाई खरीदते समय निर्माण तिथि, लेबल और स्वच्छता की जांच करने की अपील की गई है।
