CG Employee Protest: Employees to stage a protest at Indravati Bhawan on September 11!
CG EMPLOYEE PROTEST: महंगाई भत्ते और उसके एरियर्स से लेकर नियमितीकरण और पुरानी पेंशन तक की मांगों को लेकर प्रदेश के कर्मचारी और पेंशनर्स 11 सितंबर को नया रायपुर स्थित इंद्रावती भवन के गेट नंबर-3 के सामने दोपहर 1 बजे सांकेतिक प्रदर्शन करेंगे।
इसमें अलग-अलग कर्मचारी, अधिकारी और पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कर्मचारी संगठनों ने आरोप लगाया है कि कर्मचारियों और पेंशनरों को समय पर महंगाई भत्ता नहीं मिल रहा है और एरियर्स का भुगतान भी लंबे समय से अटका हुआ है। उनका कहना है कि इसका सीधा असर कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है।
संगठनों के मुताबिक, चुनाव के दौरान ‘छत्तीसगढ़ के लिए मोदी की गारंटी 2023’ में कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनरों से जुड़े कई वादे किए गए थे।
इन वादों को पूरा करने की मांग को लेकर लगातार सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। कर्मचारी संगठनों का दावा है कि वित्त मंत्री, मुख्य सचिव और वित्त सचिव के साथ चर्चा के बावजूद मांगों का समाधान नहीं हो पाया, जिसके बाद अब प्रदर्शन का फैसला लिया गया है।
