CG Cyber Scam: Struck by ‘Marriage Fever’ in Old Age—Over ₹9.50 Lakhs Lost!
CG CYBER SCAM: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में ठगों ने शादी का झांसा देकर एक 80 वर्षीय बुजुर्ग को निशाना बनाया और उनसे कुल 9 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली।
हांडीपारा एचएमटी चौक निवासी मनहरण लाल टिकरिहा, जो रविशंकर विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त टेक्नीशियन हैं, ने अपनी शादी के लिए दिल्ली स्थित एक मैरिज ब्यूरो से संपर्क किया था।
इसी दौरान उन्हें “रजनी शर्मा” नाम की एक महिला का मोबाइल नंबर दिया गया।
महिला ने खुद को कोरबा निवासी और रेलवे इंजीनियर के पद से रिटायर्ड बताया। दोनों के बीच बातचीत गहरी हो गई और महिला ने शादी का प्रस्ताव रख दिया।
15 जून 2025 को आरोपी महिला ने घर में शादी का बहाना बनाते हुए 1.50 लाख रुपये की मांग की और पीड़ित ने अपने एसबीआई खाते से चेक के माध्यम से 1.40 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
18 जून को अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें बताया गया कि “रजनी शर्मा” का पटना में एक्सीडेंट हो गया है और पीड़ित ने फिर 1.50 लाख रुपये भेज दिए।
आरोपी ने इसी तरह अलग-अलग बहानों का सहारा लिया और करीब सात महीने तक पीड़ित ने कुल 9 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
मार्च 2026 में जब आरोपी का मोबाइल नंबर अचानक बंद हो गया तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
इसके बाद उन्होंने थाना आजाद चौक में लिखित शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

