रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की परीक्षाओं में नकल रोकने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) ने परीक्षा नियमों में बड़े और सख्त बदलाव किए हैं। ये सभी बदलाव 20 जुलाई 2025 से शुरू हो रही सब-इंजीनियर भर्ती परीक्षा से ही लागू कर दिए जाएंगे।
क्या हैं मुख्य बदलाव? पढ़िए एक नजर में:
1. जूते नहीं, सिर्फ चप्पल या सैंडल
परीक्षा केंद्र में किसी भी अभ्यर्थी को अब जूते पहनकर प्रवेश नहीं मिलेगा। सिर्फ चप्पल या सैंडल ही मान्य होंगे।
2. ड्रेस कोड अनिवार्य
सभी परीक्षार्थियों को आधी बांह के हल्के रंग के कपड़े पहनने होंगे। पूरी बांह वाले कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे।
महिला उम्मीदवारों को कान की ज्वेलरी पहनने की अनुमति नहीं होगी।
3. समय से पहले पहुंचना ज़रूरी
अब परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने से ठीक 15 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा।
उदाहरण: यदि परीक्षा 10:00 बजे है, तो 9:45 के बाद कोई भी अभ्यर्थी केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
4. सुरक्षा जांच होगी मेटल डिटेक्टर से
अब सिर्फ हाथों से तलाशी नहीं होगी, बल्कि मेटल डिटेक्टर से चेकिंग की जाएगी। पुलिसकर्मी परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर निगरानी करेंगे।
5. परीक्षा हॉल में अनुशासन सख्त
फुसफुसाना, बात करना, इशारे करना, चिल्लाना या निर्देशों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई होगी।
परीक्षा अधिकारियों से दुर्व्यवहार को गंभीरता से लिया जाएगा।
6. इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह बैन
मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्टवॉच, ईयरफोन, कैलकुलेटर जैसे सभी उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित होंगे।
क्यों लाए गए ये बदलाव?
यह नियम NEET, JEE और UPSC जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं की तर्ज पर तैयार किए गए हैं, ताकि नकल पर नियंत्रण और परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
जो भी उम्मीदवार सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें इन नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। ज़रा सी चूक भी परीक्षा से बाहर कर सकती है।

