BSP Iron Theft Update: Mastermind of iron theft case arrested; two accused nabbed in Uttar Pradesh.
BSP IRON THEFT UPDATE: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करोड़ों रुपये के लोहा चोरी मामले में दुर्ग पुलिस ने चोरी के कथित मास्टरमाइंड और फरार ट्रांसपोर्टर संजय सिंह को उसके साथी उपेंद्र ओझा के साथ उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। इस बहुचर्चित मामले में इससे पहले 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस को मामले में और बड़े खुलासों की उम्मीद है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि भिलाई स्टील प्लांट से चोरी किए गए लोहे को ट्रकों में लादकर उसके ऊपर फ्लू डस्ट और राख की परत बिछा दी जाती थी, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद हथखोज स्थित ए.के. ट्रेडर्स में इसे स्क्रैप के रूप में खपाया जाता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के नीचे छिपाई गई लोहे की प्लेटें और बीम कटिंग बरामद की थीं। मौके से जेसीबी, हाइड्रा, चैन माउंटिंग मशीन सहित कई भारी वाहन भी जब्त किए गए थे।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

