CG NEWS : Principal slaps student in college, dispute over TC, VIDEO VIRAL
बिलासपुर, 11 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के एक कॉलेज में टीसी (स्थानांतरण प्रमाणपत्र) लेने गई छात्रा और महिला प्रिंसिपल के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि प्राचार्य ने छात्रा को थप्पड़ मार दिया और उसके साथ आए युवक का मोबाइल छीनने की कोशिश की। घटना का वीडियो वायरल हो चुका है और मामला अब थाने तक पहुंच गया है।
खेल कोटे से मिला एडमिशन, अब टीसी के लिए दौड़
सरकंडा के राजकिशोर नगर निवासी अंकिता यादव, नेवसा गांव स्थित बीआर साव कॉलेज की फाइनल ईयर की छात्रा है। उसने खेल कोटे से प्रवेश लिया था, इसलिए पहले दो साल फीस नहीं ली गई थी। लेकिन फाइनल ईयर में कॉलेज ने फीस जमा करने को कहा, जिससे छात्रा ने टीसी लेने की बात कही ताकि वह दूसरे कॉलेज में एडमिशन ले सके।
छात्रा का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन उसे कई दिनों से टीसी के लिए टहला रहा है और जब उसने विरोध किया, तो प्रभारी प्राचार्य अंजना साहू ने थप्पड़ मार दिया।
प्राचार्य का पक्ष : छात्रा ने की बदतमीजी
प्राचार्य अंजना साहू के अनुसार, उन्होंने छात्रा को नो ड्यूज फॉर्म भरने के लिए कहा था, लेकिन छात्रा ने प्रोफेसर से तेज आवाज में बात की, जिसकी शिकायत उन तक पहुंची। जब उन्होंने छात्रा को समझाने की कोशिश की तो बाहर ही बहस शुरू हो गई, और इसी दौरान मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
VIDEO में थप्पड़ मारती दिखीं प्राचार्य
घटना के दौरान छात्रा के साथ मौजूद युवक ने वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया, जिसमें प्राचार्य द्वारा थप्पड़ मारने का दृश्य कैद हो गया। जब प्राचार्य को इस बात का पता चला, तो उन्होंने मोबाइल छीनने की कोशिश की। लेकिन तब तक वीडियो वायरल हो चुका था।
पुलिस जांच में जुटी, दोनों पक्षों ने दी शिकायत
रतनपुर थाना प्रभारी नरेश चौहान ने बताया कि घटना की दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत दी है, और वीडियो फुटेज की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कॉलेज प्रशासन की आलोचना हो रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या छात्रों की आवाज उठाने पर इस तरह की कार्रवाई उचित है? वहीं, कुछ लोगों ने छात्रा की अभद्र भाषा और आक्रामक रवैये को भी अनुशासनहीनता बताया है।
