CG CYBER CRIME : Fraud of lakhs of rupees using QR code photo, secret revealed like this!
बिलासपुर। च्वाइस सेंटर संचालकों के QR कोड का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का रेंज साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में रायपुर निवासी अंकित आहूजा (32) और आशीष केवटवानी (32) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में करीब 45 च्वाइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाया। अब तक सामने आए मामलों में 20 से 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का अनुमान है।
पहले QR कोड की फोटो, फिर खेल!
मामले की शुरुआत बिलासपुर के बिल्हा मोड़ स्थित लक्ष्मी च्वाइस सेंटर से हुई। संचालक देवेंद्र रजक की शिकायत के अनुसार, 5 अक्टूबर को एक व्यक्ति सेंटर पहुंचा और QR कोड के जरिए आने वाली रकम के बदले नकद भुगतान मांगा। उसने QR कोड की फोटो ली और चला गया। इसके बाद 16 हजार रुपये का लेन-देन हुआ। अगले दिन संचालक का बैंक खाता होल्ड हो गया।
दो लोगों की अलग-अलग भूमिका
जांच में सामने आया कि अंकित सेंटरों पर जाकर QR कोड की फोटो अपने साथी आशीष को भेजता था। आशीष उस कोड के जरिए लेन-देन करता था, जबकि अंकित संचालक से नकद रकम लेता था। बाद में साइबर ठगी से जुड़ी रकम के कारण खातों पर रोक लगने पर संचालकों को धोखाधड़ी का पता चलता था।
पुलिस ने आरोपियों से 1.02 लाख रुपये नकद, एक बलेनो कार, स्कूटी और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बिलासपुर के अलावा रायपुर, दुर्ग, रायगढ़, कोरबा सहित नौ जिलों से शिकायतें मिली हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।


