CG SISTERS MISSING : 3 innocent sisters go missing, panic in the area
भिलाई (दुर्ग), 8 फरवरी 2026। सुपेला थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ही परिवार की दो नाबालिग बहनों समेत तीन स्कूली बच्चियां अचानक लापता हो गईं। लापता बच्चियों में रानी (11 वर्ष), रजनी (7 वर्ष) और इशिका (12 वर्ष) शामिल हैं। तीनों 6 फरवरी को दोपहर करीब 4 बजे घर से खेलने निकली थीं, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
परिजनों के मुताबिक, बच्चियां रोज की तरह घर के आसपास खेलने गई थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने पहले आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सुपेला थाने में सूचना दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी है।
बच्चियों के पिता का कहना है कि लापता होने से पहले कोई विवाद या असामान्य बात सामने नहीं आई थी। अचानक तीनों का यूं गायब हो जाना परिवार के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बच्चियों की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत 8878505555 या 9479192099 पर संपर्क करें। अधिकारियों का कहना है कि छोटी से छोटी सूचना भी जांच में अहम साबित हो सकती है।
घटना के बाद पूरे अर्जुन नगर और सुपेला क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी बच्चियों की तलाश में पुलिस का सहयोग कर रहे हैं।

