CG INCOME TAX RAID : Raids continue for 40 hours, suspicion of transactions worth crores!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोयला, स्पंज आयरन और रोड कंस्ट्रक्शन कारोबार से जुड़े वाणिज्यिक और पीआर ग्रुप पर आयकर विभाग की छापेमारी लगातार जारी है। 19 नवंबर को शुरू हुई कार्रवाई को 40 घंटे से ज्यादा बीत चुके हैं, लेकिन जांच टीमें अभी भी अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेज खंगाल रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आयकर टीमों ने कार्रवाई से पहले ही सीजर यानी जब्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। जांच में लेन-देन की गड़बड़ी तीन अंकों में होने की जानकारी सामने आई है। छत्तीसगढ़ के साथ मुंबई और झारखंड स्थित ठिकानों पर भी जांच की जा रही है।
अब तक दोनों समूहों के यहां से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और नकदी मिलने की जानकारी है। बरामद की गई ज्वेलरी का मूल्यांकन करने के लिए मुंबई और अहमदाबाद से विशेषज्ञ बुलाए गए हैं। वहीं, नकदी भी अलग-अलग ठिकानों से मिली है।
इस कार्रवाई में डीआईजी आईटी नवल जैन के नेतृत्व में 120 से अधिक अधिकारी जुटे हैं। बुधवार तड़के सूरजपुर, रायगढ़, बिलासपुर समेत पांच जिलों में एक साथ छापेमारी शुरू की गई थी। जांच का दायरा मुंबई और झारखंड तक भी पहुंचा है।
सूत्रों के अनुसार, समूहों के कार्यालयों से कच्चे-पक्के लेनदेन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। इसके अलावा डेढ़ दर्जन से अधिक बैंककर्मियों से भी पूछताछ की जानकारी सामने आई है।
नए एडिशनल डायरेक्टर की नियुक्ति के बाद इसे आयकर विभाग की पहली बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है। अब जांच में मिले दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य आगे क्या खुलासा करते हैं, इस पर नजर है।


