CG NAN SCAM : Will 25 witnesses testify again in the NAN scam?
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित नागरिक आपूर्ति निगम (नान) घोटाले में गवाहों को प्रभावित करने की कथित साजिश का मामला फिर गरमा गया है। एसीबी-ईओडब्ल्यू ने विशेष अदालत में याचिका दाखिल कर 25 गवाहों की दोबारा गवाही कराने की मांग की है। एजेंसी का दावा है कि कुछ गवाहों को पैसे का लालच देने और धमकाने से जुड़े डिजिटल सबूत सामने आए हैं।
WhatsApp चैट और ऑडियो रिकॉर्डिंग बने आधार
जांच एजेंसी के मुताबिक, ईडी से मिले WhatsApp चैट और पेन ड्राइव में मौजूद ऑडियो रिकॉर्डिंग में गवाहों को अपने पक्ष में करने की बातचीत के संकेत हैं। कथित चैट में पैसे देकर गवाह को मनाने और जरूरत पड़ने पर उसे फंसाने जैसी बातें सामने आई हैं। हालांकि, इन डिजिटल साक्ष्यों की प्रामाणिकता और कानूनी स्वीकार्यता पर अंतिम फैसला अदालत को करना है।
2015 में पड़े थे 28 ठिकानों पर छापे
नान घोटाले की शुरुआत 12 फरवरी 2015 को हुई थी। उस दिन एसीबी-ईओडब्ल्यू ने नागरिक आपूर्ति निगम के 28 ठिकानों पर छापेमारी की थी। चावल खरीदी, परिवहन और नमक आपूर्ति में कथित गड़बड़ियों के साथ रिश्वतखोरी के आरोप सामने आए थे।
मामले में कुल 172 गवाह हैं। वर्ष 2024 में सुप्रीम कोर्ट में गवाहों को प्रभावित करने से जुड़े डिजिटल साक्ष्य पेश किए गए थे, जिसके बाद निचली अदालत की अंतिम सुनवाई पर रोक लगी थी। अब रोक हटने के बाद जांच एजेंसी ने पुराने साक्ष्यों की दोबारा पड़ताल की है। अदालत की अनुमति मिलने पर 25 गवाहों के बयान फिर दर्ज हो सकते हैं।


