DILJIT DOSANJH CONCERT: Diljit Dosanjh said, “India doesn’t belong to anyone’s father…”
DILJIT DOSANJH CONCERT: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। मध्यप्रदेश के इंदौर में रविवार रात हुए पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट में संगीत के साथ महाकाल के जयकारों और देशभक्ति का रंग भी देखने को मिला।
चार गानों पर रोक लगाने की मांग को लेकर कॉन्सर्ट से पहले हुए विवाद के बीच दिलजीत ने मंच से राहत इंदौरी की मशहूर गजल की पंक्तियां सुनाते हुए कहा- ‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है…’ इसके साथ ही उन्होंने साफ कहा कि न पहले रुके थे और न आगे रुकेंगे।
इंदौर में रविवार रात मेगा कॉन्सर्ट में जैसे ही वे दर्शकों के सामने आए, पूरा कॉन्सर्ट तालियों और शोर से गूंज उठा। दिलजीत ने मंच पर पहुंचते ही सबसे पहले ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष किया। इसके बाद ‘मोरनी’ गाने के साथ अपनी प्रस्तुति शुरू की।
दिलजीत ने चार गानों पर आपत्ति को लेकर कहा कि लोग कहते हैं कि यह नहीं कर सकते, वह नहीं कर सकते, लेकिन हमारे मुंह से जो निकलता है, वही सदाकत है। हमारे मुंह में किसी दूसरे की जुबान नहीं है।
इसके बाद उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी की गजल की पंक्तियां सुनाईं। उन्होंने कहा-
‘अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है,
ये सब धुआं है, कोई आसमान थोड़ी है।
मैं जानता हूं दुश्मन भी कम नहीं,
लेकिन हमारी तरह हथेली पर जान थोड़ी है।
सभी का खून शामिल है यहां की मिट्टी में,
किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।’
इंदौर की तारीफ करते हुए दिलजीत ने कहा कि यह महाकाल की धरती है और यहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि न तो वे पहले डरे थे और न ही आज डरते हैं। उन्होंने दर्शकों से कहा कि आप लोग भी कहां डरते हैं। आज हम यहां हैं तो इसमें आप सभी का साथ और ताकत है।
इसके बाद उन्होंने दर्शकों से दोनों हाथ ऊपर उठाने और जोर से जय श्री महाकाल का उद्घोष करने की अपील की। देखते ही देखते पूरा कॉन्सर्ट महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।


