STUDENT VISA 2027: Student quota reduced; Indian students may face greater difficulties!
STUDENT VISA 2027: प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की सरकार ने इमिग्रेशन, रिफ्यूजी एंड सिटिजनशिप विभाग (IRCC) की नई इमिग्रेशन लेवल्स योजना 2027–2029 के अनुसार, अगले तीन वर्षों में हर साल 1.50 लाख नए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के आगमन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वर्ष 2026 में विदेशी छात्रों के लिए निर्धारित लक्ष्य 1.55 लाख था। इस तरह नए लक्ष्य में पांच हजार की कमी की गई है। सरकार का उद्देश्य आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक सुविधाओं पर बढ़ते दबाव को नियंत्रित करना है।
कनाडा में पढ़ाई करने वाले विदेशी छात्रों में भारतीयों की बड़ी हिस्सेदारी रही है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में भारतीय छात्रों को मिलने वाले स्टडी परमिट से जुड़े आंकड़ों में गिरावट दर्ज की गई है।
उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2023 में 2,78,045 भारतीय स्टडी परमिट धारकों के परमिट प्रभावी हुए थे। यह संख्या 2024 में घटकर 1,88,465 और 2025 में 94,025 रह गई।
रिपोर्ट में दिए IRCC आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त 2026 के बीच कनाडा में 65,240 नए अंतरराष्ट्रीय छात्र पहुंचे। वर्ष 2024 की इसी अवधि में 2,21,680 छात्र आए थे।
इस तुलना में लगभग 71 प्रतिशत की गिरावट सामने आती है। वर्ष 2024 में लागू राष्ट्रीय सीमा और स्टडी परमिट के लिए दस्तावेजों की जांच से जुड़े सख्त प्रावधानों के बाद विदेशी छात्रों के आगमन में कमी देखी गई है।
नई योजना में हर साल 2.20 लाख अस्थायी विदेशी कर्मचारियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें 1.70 लाख कर्मचारी इंटरनेशनल मोबिलिटी प्रोग्राम और 50 हजार कर्मचारी टेम्पररी फॉरेन वर्कर प्रोग्राम के अंतर्गत आएंगे।
नई नीति के बावजूद भारतीय छात्रों के लिए कनाडा में पढ़ाई का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हुआ है। योग्य आवेदक निर्धारित शैक्षणिक, वित्तीय और दस्तावेज संबंधी शर्तें पूरी करके स्टडी परमिट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
हालांकि, नए छात्रों के लिए सीमित लक्ष्य के कारण आवेदकों को कॉलेज चयन, प्रवेश प्रक्रिया और वीजा दस्तावेजों की तैयारियों पर अधिक ध्यान देना होगा।


