SHEIKH HASINA RETURN : India’s two conditions on Sheikh Hasina’s return!
नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच बातचीत की चर्चा तेज है। सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने उनकी वापसी के लिए दो शर्तें रखी हैं। हालांकि, भारत सरकार ने इन शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पहली शर्त के मुताबिक, बांग्लादेश की सेना खुद भारत आकर शेख हसीना को वापस ले जाए। इसके लिए सैन्य विमान दिल्ली भेजने या सेना के जरिए उन्हें सीमा तक ले जाने का विकल्प बताया गया है। शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को सैन्य विमान से भारत पहुंची थीं।
दूसरी शर्त उनकी कानूनी सुरक्षा से जुड़ी है। भारत चाहता है कि बांग्लादेश लौटने पर उन्हें निष्पक्ष सुनवाई और मौत की सजा के खिलाफ अपील करने का पूरा मौका मिले। साथ ही, सुनवाई पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर रहे।
रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। उन्होंने नए पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेजों के लिए भी आवेदन किया है। हालांकि, उनकी वापसी की प्रक्रिया पर अब तक कोई आधिकारिक सहमति सामने नहीं आई है।
13 नवंबर को भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से इस मामले पर सवाल किया गया था। उन्होंने कहा कि इस बारे में उनके पास कुछ कहने के लिए नहीं है।
फिलहाल, हसीना की वापसी को लेकर दोनों देशों की ओर से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में दिसंबर में उनकी वापसी होगी या नहीं, इस पर सस्पेंस बना हुआ है।


