SAM PITRODA STATEMENT : Congress leader surprises everyone by praising Modi!
रायपुर डेस्क। कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी के बीच इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा का एक बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें मेहनती, दयालु और अच्छा वक्ता बताया है। पित्रोदा ने कहा कि मोदी से उनकी व्यक्तिगत रूप से कोई परेशानी नहीं है।
एक इंटरव्यू में पित्रोदा ने बताया कि मोदी उनके गुजराती दोस्त हैं। वह और उनकी पत्नी प्रधानमंत्री से मुलाकात भी कर चुके हैं। उनके मुताबिक, मोदी उनसे काफी आत्मीयता और गर्मजोशी से मिलते हैं। दोनों के बीच अच्छे व्यक्तिगत संबंध हैं और वे साथ बैठकर बातचीत भी कर सकते हैं।
हालांकि, पित्रोदा ने यह भी स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत रिश्ते और राजनीतिक विचारधारा अलग-अलग चीजें हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया को देखने के मोदी के नजरिये और उनकी विचारधारा से उन्हें असहमति हो सकती है।
SIR के विरोध पर भी उठाए सवाल
पित्रोदा ने SIR के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर भी अपनी राय रखी। उनका मानना है कि यह आंदोलन युवाओं, खासकर Gen Z को उम्मीद के मुताबिक जोड़ने में सफल नहीं रहा। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के लिए रोजगार, अच्छी शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं ज्यादा अहम हैं। उन्हें इन मुद्दों पर ठोस जवाब चाहिए।
मोदी ने भी दिया जवाब
पित्रोदा की तारीफ पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर उन्हें ‘सैम भाई’ कहकर संबोधित किया और उन्हें तथा उनकी पत्नी को दिवाली और गुजराती नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के बीच इस गर्मजोशी भरे संवाद की अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा हो रही है।


