DARBHANGA SILVER LOOT : BJP leader arrested in 63 kg silver robbery!
रायपुर। बिहार के दरभंगा में 63 किलो चांदी की लूट का मामला अब सियासी रंग ले चुका है। पुलिस ने इस वारदात में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बीजेपी का एक सक्रिय कार्यकर्ता भी शामिल है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने तत्काल उसे संगठन से निलंबित कर दिया।
मामला 7 नवंबर का है। दरभंगा के शोभन-एकमी बाईपास पर बदमाशों ने बंगाल नंबर की डस्टर कार को घेर लिया और उस पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से कार में सवार एक युवक घायल हो गया। इसके बाद बदमाश चांदी के बिस्कुट से भरा बैग और बोरा, साथ ही नकदी लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें लगाईं और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें विशाल महासेठ उर्फ विक्की का नाम भी सामने आया है। बताया गया है कि विशाल बीजेपी का सक्रिय कार्यकर्ता रहा है और संगठन में कई पदों पर काम कर चुका है।
वायरल तस्वीरों के बाद पार्टी पर उठे सवाल
विशाल की बीजेपी के कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं। इसके बाद पार्टी से जुड़े सवाल उठने लगे। मामले में बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को भी सफाई देनी पड़ी।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में विशाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की जानकारी दी गई। साथ ही साफ किया गया कि बीजेपी और NDA संगठन की गरिमा के खिलाफ किसी भी तरह का गलत आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


