AJAY CHANDRAKAR STATEMENT : Chandrakar takes a dig at the Delhi rally, attacks the opposition
रायपुर। दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की रैली को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने बड़े नेताओं की मौजूदगी के बावजूद मैदान में कुर्सियां खाली रहने का दावा करते हुए विपक्ष की राजनीतिक ताकत पर सवाल उठाए।
बुधवार को बिलासपुर दौरे पर पहुंचे चंद्राकर ने कहा कि तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और राहुल गांधी जैसे नेताओं के मौजूद रहने के बाद भी रैली में भीड़ नहीं जुटी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदर्शन की सफलता का पैमाना जनता तय करेगी।
भाजपा की ओर से आयोजित ‘राष्ट्र चिंतन’ प्रबुद्धजन संगोष्ठी में भी चंद्राकर ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब न मूल विचार बचे हैं और न मौलिकता। जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं और EVM पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
SIR को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी बूथों पर कांग्रेस के BLO तक नहीं हैं। ऐसे में देशभर की चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस जब EVM से चुनाव जीतती थी, तब उसे कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग और EVM पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान जरूरी है और विपक्ष को राष्ट्रहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।


