MAHATARI VANDAN YOJANA : Big revelation in Mahatari Vandan Yojana, now recovery will take place!
रायपुर। छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना में अपात्र हितग्राहियों के नाम सामने आने के बाद वसूली की कार्रवाई शुरू हो गई है। रायपुर जिले में जांच के दौरान सरकारी कर्मचारी और उनके परिजनों सहित कई ऐसे लोग मिले, जो योजना की पात्रता शर्तें पूरी नहीं कर रहे थे, फिर भी हर महीने एक हजार रुपये का लाभ ले रहे थे।
रायपुर में 351 हितग्राही अपात्र
महिला एवं बाल विकास विभाग के मुताबिक, रायपुर जिले में शुरुआती जांच के दौरान दो हजार से ज्यादा हितग्राहियों की पहचान की गई थी, जिनकी पात्रता पर संदेह था। जांच के बाद 351 हितग्राही अपात्र पाए गए। इनमें से 189 से अब तक 6.72 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं। बाकी 162 हितग्राहियों से वसूली की कार्रवाई जारी है।
प्रारंभिक जांच में 128 शासकीय सेवक और उनके रिश्तेदार भी सामने आए थे। इनमें 42 सरकारी महिला कर्मचारी, 78 सरकारी पुरुष कर्मचारियों की पत्नियां, छह बेटियां और दो पेंशनधारी महिलाएं शामिल थीं।
आयकरदाता और अन्य अपात्र भी शामिल
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अपात्रों में 29 आयकरदाता, 21 वर्ष से कम उम्र की पांच महिलाएं, 11 अविवाहित महिलाएं, सात पुरुष हितग्राही और राज्य के बाहर रहने वाली चार महिलाएं भी शामिल थीं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर के मुताबिक, अपात्र हितग्राहियों से राशि वापस लेने की प्रक्रिया जारी है।
बिलासपुर में भी 200 से ज्यादा मामले
बिलासपुर जिले में भी 200 से अधिक ऐसे मामले सामने आने की जानकारी दी गई है। बिल्हा ब्लॉक में 11 मामले मिले हैं। संबंधित अधिकारियों ने रिकवरी के लिए नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं।
योजना के नियमों के अनुसार, सरकारी विभाग में नियमित, स्थायी या संविदा नौकरी करने वाले सदस्य के परिवार और आयकरदाता परिवार पात्रता से बाहर हैं। अब जांच और वसूली की कार्रवाई पर नजर है।
