RAIPUR GARBAGE : 3 new garbage stations in Raipur, but where is the problem?
रायपुर। शहर में कचरा प्रबंधन सुधारने के लिए नगर निगम तीन नए कचरा ट्रांसफर स्टेशन बनाने जा रहा है। इस परियोजना पर 1.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और दो एजेंसियों को वर्कऑर्डर भी जारी कर दिया गया है। इसके बावजूद स्थानीय रहवासियों के विरोध और जमीन तय नहीं होने से निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है।
तीन जोन में बनेंगे स्टेशन
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जोन-2 के पंडरी स्थित पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में खाली जमीन पर स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। जोन-9 में कचना, दलदल सिवनी और लभांडी क्षेत्र में जमीन तलाशने के लिए सर्वे किया जा रहा है। वहीं, जोन-10 के गोकुलनगर-काठाडी क्षेत्र में भी जगह चिन्हित की जा रही है।
आखिर क्यों पड़ी जरूरत?
फिलहाल सीमित सेकंडरी कलेक्शन पॉइंट होने के कारण कचरा उठाने वाली गाड़ियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। एक ही जगह पर पांच से छह वार्डों का कचरा पहुंचने से समय और ईंधन दोनों ज्यादा खर्च होते हैं। नए ट्रांसफर स्टेशन बनने से इस व्यवस्था को बेहतर करने की उम्मीद है।
हर स्टेशन पर खर्च होंगे 50 लाख
प्रत्येक स्टेशन के निर्माण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां पक्का शेड, बाउंड्रीवाल, मुख्य गेट, बिजली, पानी और दूसरी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नगर निगम ने संबंधित जोनों के अधिकारियों को जमीन चिन्हित करने और निर्माण की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रशासन अब रहवासियों को समझाकर विरोध दूर करने की कोशिश में है। बड़ा सवाल यही है कि जमीन का विवाद कब सुलझेगा और निर्माण कब शुरू होगा।
