TIGER SHROFF FIRING CASE : Fear grips Bollywood! AICWA appeals to Amit Shah
मुंबई। टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले के बाद बॉलीवुड की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इसी बीच जांच में इंदौर से एक युवक को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
AICWA ने क्या कहा?
एसोसिएशन ने अपने पत्र में कहा कि बॉलीवुड देश की अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय छवि में अहम भूमिका निभाता है। फिल्म इंडस्ट्री से लाखों लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी है। ऐसे में गोलीबारी और अंडरवर्ल्ड के डर से शूटिंग, निवेश और फिल्म निर्माण पर असर पड़ सकता है। AICWA ने आशंका जताई कि सुरक्षा का माहौल बिगड़ने पर कलाकार मुंबई छोड़ने को मजबूर हो सकते हैं।
इंदौर से 22 वर्षीय इंजीनियर हिरासत में
जानकारी के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच की मदद से 22 वर्षीय प्रांजल को हिरासत में लिया है। वह हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला बताया जा रहा है। संयुक्त कार्रवाई इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में की गई।
हथियारों की सप्लाई की भी जांच
बताया जा रहा है कि प्रांजल करीब पांच दिन पहले अपने भाई से मिलने इंदौर आया था। जांच एजेंसियां उससे हथियारों की सप्लाई, अन्य आरोपियों से संपर्क और कथित साजिश के संबंध में पूछताछ कर रही हैं। हालांकि, मामले में उसकी भूमिका अभी जांच के दायरे में है। पूछताछ और आगे की जांच के आधार पर पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।
