BIHAR BOAT ACCIDENT: Boat capsizes in Hajipur; 13 dead!
BIHAR BOAT ACCIDENT: बिहार के हाजीपुर (वैशाली)के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार की की देर शाम एक नाव गंगा नदी में पलट गई।
इस हादसे में 35 से 40 लोग सवार थे। हादसे में 13 लोगों की मौत की सूचना है।
इनमें अधिकतर बच्चे हैं। मौत की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के निकट सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध का भोज था।
एक छोटी नाव पर करीब 20 से 25 लोग सवार होकर भोज खाने के लिए ढाब के उस पार जा रहे थे। इसी दौरान बीच ढाब में नाव डूब गई।
सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की खबर मिलते ही रामपुर श्यामचंद पंचायत और आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घंटे भर की मशक्कत के बाद कई लोगों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के स्वजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) देने की घोषणा की है। साथ ही प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने पोस्ट किया कि बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। पीएमएनआरएफ की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
