CHIRAG PASWAN: Feeling embarrassed about being part of the government!
CHIRAG PASWAN: बिहार में NDA सरकार के सहयोगी और केंद्र में मंत्री चिराग पासवान अब बिहार की भाजपा सरकार पर बरसे हैं और राज्य में लड़कियों के साथ खुलेआम हो रही अभद्रता पर नाराजगी जताई है।
हाजीपुर से सांसद और मोदी कैबिनेट में मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि उन्हें इस सरकार का सहयोगी होने पर शर्म आती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की तारीख में बिहार के लोग सुरक्षित माहौल में नहीं जी रहे हैं।
चिराग ने कहा, “यह सच है कि आज की तारीख में बिहार में कोई सेफ फील नहीं कर पा रहा है। ये चिंता कोई छोटी चिंता नहीं है। मैं भी इस सरकार में सहयोगी हूं और इस सवाल से नहीं भाग सकता हूं। मैं खुद शर्मिंदा महसूस कर रहा हूं। अभी जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, उसे कतई हल्के में नहीं ले सकते हैं।”
चिराग पासवान ने आगे कहा, ‘मैं आक्रोशित हूं, स्वाभाविक है। राष्ट्रीय स्तर पर मेरे बिहार की छवि कैसी जा रही है। हमारी बेटियों के मन में डर और असुरक्षा का भाव उत्पन्न हो गया होगा। कोई बच्ची मुझे बता दीजिए, जो शाम को घर से निकलने से पहले नहीं सोचती होगी। मैं जिस सरकार का हिस्सा हूं, मेरी वो सरकार अगर सुरक्षा की भावना नहीं दे, ये तो मैं स्वीकार नहीं करूंगा।’
