RAIPUR CRIME : Murderous brother-in-law in Raipur! Firing on two sisters-in-law
रायपुर. राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मोवा इलाके में पत्नी पर शक करने वाला एक बाउंसर शराब के नशे में ससुराल पहुंचा और देखते ही देखते पूरा घर गोलियों की आवाज से दहल उठा। आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और दो सालीयों पर फायरिंग कर दी।
इस सनसनीखेज हमले में 26 साल की गीतांजलि वर्मा के माथे पर गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी साली दुर्गेश्वरी वर्मा की पीठ में गोली लगी है और उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मंगलवार को भी झगड़े के बाद पत्नी बच्चे को लेकर मायके चली गई थी। देर रात आरोपी नशे की हालत में ससुराल पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।
जब सालीयों ने उसे समझाकर वापस जाने को कहा, तो आरोपी आगबबूला हो गया और पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि सड़क पर हवाई फायरिंग करते हुए सीधे थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली है। पूरे इलाके में घटना के बाद दहशत का माहौल है।

