Raipur Accident News: E-Rickshaw Rampage—Woman Run Over, Driver Flees.
Raipur Accident News : रायपुर के अश्वनी नगर स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स में एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मारने के बाद एक स्कूटी सवार युवक को भी चपेट में लिया।
टक्कर के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की है और 5 अप्रैल की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

पीड़िता पूर्णिमा घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थीं। तभी तेज गति से आए ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ीं और बुरी तरह घायल हो गईं।
पीड़िता के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उन्हें 18 टांके लगाने पड़े। इसके अलावा पीठ में अंदरूनी चोट के कारण खून के थक्के जम गए हैं और चेहरे पर भी चोट के निशान हैं।
वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार युवक भी ई-रिक्शा की चपेट में आ गया और उसे भी चोटें आईं।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ई-रिक्शा चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले महिला को टक्कर मारी और फिर स्कूटी सवार को भी टक्कर मार दी। ।
सूचना मिलने पर पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक और वाहन की पहचान की जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ लापरवाही और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

