ASIYA ANDRABI : Asiya Andrabi gets life imprisonment!
नई दिल्ली। कश्मीरी अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी को दिल्ली की NIA कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उसे UAPA के तहत दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। उसके साथ उसकी दो सहयोगी सोफी फहमीदा और नाहिदा नसरीन को 30-30 साल की सजा दी गई है।
NIA की जांच में सामने आया था कि आसिया अंद्राबी प्रतिबंधित संगठन ‘दुख्तरान-ए-मिल्लत’ की प्रमुख थी और देश के खिलाफ साजिश रचने, आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने और अलगाववादी एजेंडा चलाने में सक्रिय भूमिका निभा रही थी। एजेंसी के मुताबिक, वह लोगों को भड़काने और आतंकी नेटवर्क को समर्थन देने का काम कर रही थी।
आसिया अंद्राबी को साल 2018 में NIA ने गिरफ्तार किया था। वह कश्मीर की पहली महिला अलगाववादी नेता मानी जाती है और 1987 में उसने दुख्तरान-ए-मिल्लत संगठन की स्थापना की थी, जिस पर भारत सरकार पहले ही प्रतिबंध लगा चुकी है।
जांच में यह भी सामने आया कि उसका कनेक्शन पाकिस्तान के आतंकी हाफिज सईद से जुड़ा हुआ था, जो उसे अपनी मुंहबोली बहन मानता था। फिलहाल आसिया अंद्राबी तिहाड़ जेल में बंद है।

