Congress to surround BJP district offices, accuses the government
रायपुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यभर में भाजपा के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस के निर्देशानुसार 12 मार्च 2026 को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यालयों का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
पार्टी का आरोप है कि राज्य में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और भाजपा सरकार इस पर कार्रवाई करने के बजाय संरक्षण दे रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि पिछले कुछ वर्षों में गांजा, अफीम और हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों का नेटवर्क प्रदेश में तेजी से फैल रहा है, जिसके कारण युवाओं में नशे की लत बढ़ती जा रही है। राज्य सरकार नशे के इस कारोबार को रोकने में असफल रही है और इससे प्रदेश के युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।
कांग्रेस ने अपने सभी जिला, शहर, नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों तथा प्रदेश पदाधिकारियों को इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और पार्टी के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों से भी इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि सभी जिलों में होने वाले इस कार्यक्रम की जानकारी और तस्वीरें प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएंगी ताकि आंदोलन की रिपोर्ट तैयार की जा सके।

