POLITICAL NEWS: State President advised to be cautious in anti-Naxal operations, stressed on the safety of tribals.
रायपुर : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने नक्सल विरोधी अभियानों को लेकर राज्य सरकार को सावधानी बरतने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने स्तर पर ऑपरेशन चलाए, कांग्रेस को उससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन निर्दोष आदिवासियों को नक्सली बताकर फर्जी मुठभेड़ों में निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
बैज ने कहा कि गर्मी के मौसम में जंगल क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी इमली, महुआ, तेंदूपत्ता और लकड़ी जैसे वन संसाधन एकत्र करने के लिए जंगलों में जाते हैं। ऐसे समय में सुरक्षा बलों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि किसी भी निर्दोष ग्रामीण को कार्रवाई का शिकार न होना पड़े।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में भी कई मामलों में आदिवासियों को नक्सली बताकर मुठभेड़ों में मारे जाने की घटनाएं सामने आई हैं। बैज ने मांग की कि सरकार नक्सल विरोधी अभियान चलाते समय मानवाधिकारों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में शांति और विकास के लिए सुरक्षा और संवेदनशीलता दोनों का संतुलन जरूरी है।

