CG ACCIDENT : BJP leader dies in road accident
बतौली/सरगुजा। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा बतौली मंडल अध्यक्ष कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव की बुधवार देर रात भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल उनके साथी राजू सिंह ने भी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर शांतिपारा पुलिया के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ग्राम पोकसरी निवासी 32 वर्षीय संजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
उनके साथ सवार 32 वर्षीय राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका बायां पैर टूट गया था। दूसरी बाइक पर सवार बतौली कालीपुर निवासी 35 वर्षीय प्रमोद कुजूर भी गंभीर रूप से घायल हुए, उनका भी पैर फ्रैक्चर हो गया।
इलाज में लापरवाही के आरोप
घटना के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं होने का आरोप है। प्राथमिक उपचार न मिलने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात करीब 12 बजे राजू सिंह की भी मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
क्षेत्र में शोक का माहौल
बताया जा रहा है कि संजय यादव अपने साथी के साथ घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई। वे किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष होने के साथ-साथ ग्राम पोकसरी के उपसरपंच भी थे।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

