SHATRUJIT APOOR ITBP DG : Shatrujit Kapoor ITBP DG …
हरियाणा कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी शत्रुजीत कपूर को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है। इससे पहले इस पद पर प्रवीण कुमार आसीन थे, जिन्हें अब BSF का महानिदेशक बनाया गया है।
शत्रुजीत कपूर का नाम हाल ही में हरियाणा के नए DGP की रेस में भी शामिल था। हरियाणा सरकार ने 30 साल की सेवा पूरी कर चुके IPS अफसरों का पैनल UPSC को भेजा था, जिसमें कपूर के साथ IPS अजय सिंघल और IPS आलोक मित्तल के नाम थे। सीनियॉरिटी के हिसाब से कपूर सबसे आगे थे, लेकिन अंततः सरकार ने IPS अजय सिंघल को हरियाणा का DGP नियुक्त कर दिया।
दूसरे विभागों में भी चल रही थी चर्चा
हरियाणा में दोबारा DGP न बन पाने के बाद शत्रुजीत कपूर का नाम अन्य केंद्रीय विभागों से भी जुड़ा था। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) का प्रमुख या हरियाणा सरकार में ऊर्जा मंत्री अनिल विज के विभाग में एडजस्ट किए जाने की चर्चा थी। लेकिन इससे पहले ही उन्हें ITBP का DG नियुक्त कर दिया गया।
राकेश अग्रवाल बने NIA प्रमुख
इसी बीच हिमाचल प्रदेश कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी राकेश अग्रवाल को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है। वे 31 अगस्त 2028 तक इस पद पर रहेंगे।
क्यों DGP की रेस से बाहर हुए कपूर?
हरियाणा DGP पैनल में शामिल IPS शत्रुजीत कपूर (बैच 1990) सीनियॉर होने के बावजूद चयनित नहीं हो सके। इसकी बड़ी वजह उनका 31 अक्टूबर 2026 को रिटायरमेंट होना माना जा रहा है। हरियाणा सरकार ने नए DGP अजय सिंघल की नियुक्ति दो साल के लिए की है, जबकि कपूर के पास इतना कार्यकाल शेष नहीं था। ITBP के DG के रूप में भी कपूर की नियुक्ति 31 अक्टूबर 2026 तक ही की गई है।
विवादों से भी रहा है नाता
शत्रुजीत कपूर का नाम हरियाणा के वरिष्ठ IPS वाई पूरन कुमार आत्महत्या मामले में भी सामने आया था। इस केस में कपूर समेत 15 IPS और IAS अफसरों को आरोपी बनाया गया था। पूरन कुमार ने अपने सुसाइड नोट में कपूर पर जातिगत भेदभाव और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। विरोध बढ़ने के बाद कपूर को अनिश्चितकालीन छुट्टी पर भेजा गया और बाद में उन्हें हरियाणा के DGP पद से हटा दिया गया था।
