रायपुर : पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने जिला जेल खोखरा में बंद जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू से मुलाकात की। लगभग 25 मिनट की इस मुलाकात के दौरान बघेल ने विधायक से हालचाल जाना और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। जेल से निकलने के बाद बघेल सर्किट हाउस में कांग्रेस नेताओं से मिले और फिर रायपुर के लिए रवाना हो गए। विधायक बालेश्वर साहू को 42.78 लाख रुपये की ठगी के मामले में सीजेएम न्यायालय द्वारा 22 जनवरी तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
बालेश्वर साहू को झूठे मामले में फंसाया: Bhupesh Baghel
मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि विधायक बालेश्वर साहू को झूठे मामले में फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को विधायक की लोकप्रियता रास नहीं आ रही है, इसलिए यह बदले की राजनीति की जा रही है।
भूपेश बघेल में भाजपा पर तंज कसा
बघेल ने कहा कि कोई भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले या विपक्ष में बैठे नेता को दबाव में लाने का काम किया जा रहा है। उनका कहना है कि इसी दबाव के चलते गिरफ्तारी हुई है। हालांकि, उन्होंने न्यायालय पर विश्वास जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बालेश्वर साहू जल्द रिहा होंगे। भूपेश बघेल ने विधायक की गिरफ्तारी को एक षड्यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि चूँकि मामला न्यायालय में है, इसलिए वे इस पर अधिक टिप्पणी नहीं कर सकते, लेकिन बालेश्वर साहू से मुलाकात हुई है और उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है।
चैतन्य बघेल के मामले पर भी दो टूक
बघेल ने भाजपा पर किसी भी हद तक जाने का आरोप लगाया और कहा कि चैतन्य बघेल मामले में भी न्यायालय ने कहा था कि नोटिस दिए बिना ही उन्हें उठा लिया गया, जो नियमों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि चाहे केंद्र की मोदी सरकार हो या राज्य की विष्णु देव साय की सरकार, दोनों ही बदले की राजनीति कर रही हैं। विरोधियों को जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा है।

