BOLERO TRUCK ACCIDENT : Truck loaded with wood overturns, Bolero crushed, dangerous video
रामपुर। गंज कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी गेट चौराहे पर रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बोलेरो चालक की मौत हो गई। लकड़ी की छिल्लर से लदा ट्रक बोलेरो के ऊपर पलट गया, जिससे बोलेरो पूरी तरह पिचक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और कुछ देर तक किसी को यह स्पष्ट नहीं था कि बोलेरो में कितने लोग सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस के साथ सिविल लाइंस, गंज और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र और सीओ सिटी जितेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। क्रेन मंगवाकर ट्रक को हटवाया गया। बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। उसमें फंसे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक चालक की पहचान फिरासत, निवासी गूजर टोला, रामपुर के रूप में हुई है। स्वजन को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक नैनीताल हाईवे पर जाम लगा रहा। सड़क पर बिखरी लकड़ी की छिल्लर हटवाने के बाद यातायात बहाल किया गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक रामपुर नंबर का बताया जा रहा है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक में क्षमता से अधिक माल लदा था या नहीं।
एसडीओ दो दिन पहले ही संभाले थे चार्ज
खौद विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ नागेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने महज दो दिन पहले ही चार्ज लिया था। रविवार का अवकाश होने के कारण बोलेरो उनके पास नहीं थी। अवकाश के दिन चालक द्वारा गाड़ी की सर्विस कराई जा रही थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ।
वीडियो हुआ वायरल
पहाड़ी गेट चौराहे के पास हुआ यह हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग सहम गए।
