CG BREAKING: Peace restored in Tamnar, talks between district administration and villagers successful
रायगढ़। तमनार क्षेत्र में जनसुनवाई के विरोध में चल रहे धरना प्रदर्शन के बीच जिला प्रशासन और ग्रामीणों के बीच रविवार को शांति वार्ता संपन्न हुई। दो दिन के लगातार प्रयासों के बाद 14 प्रभावित ग्रामों के प्रतिनिधिमंडल और प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया।
जिला प्रशासन ने बैठक में बताया कि 8 दिसंबर को धौराभाठा बाजार मैदान में हुई जनसुनवाई से मिले सुझावों के बाद निस्तीकरण की प्रक्रिया शासन के निर्देशानुसार आगे बढ़ रही है। सभी बिंदुओं पर विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इससे पहले, ग्राम लिबरा में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया था, जिसमें एसडीओपी, टीआई और कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसके बाद जिला प्रशासन लगातार शांति वार्ता के प्रयास कर रहा था।
वार्ता में ग्रामीण पुरुष और महिलाएं दोनों पक्षों ने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी और प्रशासन के साथ सहयोग का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन और प्रतिनिधिमंडल ने मिलकर क्षेत्र में शांति बहाल रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर सहमति जताई।
इस बैठक के बाद तमनार इलाके में तनाव कम होने और शांति स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
