ANKITA BHANDARI CASE : Rahul-Priyanka reached India Gate on Ankita case!
नई दिल्ली। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर दिल्ली में विरोध तेज हो गया है। बुधवार शाम लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी इंडिया गेट पहुंचे। दोनों ने अंकिता के परिवार से मुलाकात की और उनके साथ धरने पर बैठकर बातचीत की।
राज्यपाल की नियुक्ति पर उठे सवाल
अंकिता के परिवार ने बीजेपी नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर आपत्ति जताई है। परिवार की मांग है कि मामले से जुड़े कथित वीआईपी प्रकरण की जांच पूरी होने तक नियुक्ति की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।
अंकिता की मां सोनी देवी ने राष्ट्रपति से अपील की कि उनकी भावनाओं को समझते हुए मामले की सीबीआई जांच पूरी होने तक इस नियुक्ति पर रोक लगाने पर विचार किया जाए। वहीं, अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने भी नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस भी कर रही विरोध
इस मुद्दे पर उत्तराखंड कांग्रेस लगातार विरोध जता रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून के गांधी पार्क में उपवास कर नियुक्ति पर आपत्ति जताई थी। कांग्रेस का कहना है कि अंकिता मामले में कथित वीआईपी से जुड़े सवालों की पारदर्शी जांच होनी चाहिए।
धरना स्थल पर पुलिस भी पहुंची और वहां लागू भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 की जानकारी दी। राहुल गांधी परिवार से मुलाकात के बाद रात करीब 9 बजे इंडिया गेट से लौट गए।
अंकिता भंडारी हत्याकांड और कथित वीआईपी से जुड़े आरोपों की जांच को लेकर अब राजनीतिक विवाद और गहरा गया है। आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर ही होगी।
