झीरम कांड वाले बयान पर कांग्रेस का तीखा प्रहार, दीपक बैज ने की JP नड्डा और रमन सिंह के नार्को टेस्ट की मांग

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

जगदलपुर। झीरम घाटी कांड को लेकर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के बयान पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। संभाग मुख्यालय राजीव भवन जगदलपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने नड्डा के बयान को आपत्तिजनक और शहीदों का अपमान बताया।

दीपक बैज ने कहा कि जेपी नड्डा का यह कहना कि कांग्रेस अपने ही नेताओं को मरवाने के लिए नक्सलियों से संपर्क में थी, बेहद गंभीर और स्तरहीन बयान है। यह झीरम घाटी में शहीद हुए कांग्रेस नेताओं और उनके परिजनों के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि इस बयान के आधार को लेकर एनआईए, जेपी नड्डा से पूछताछ करे और उनका नार्को टेस्ट भी कराया जाए। साथ ही, नड्डा को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि झीरम घाटी कांड के समय राज्य में भाजपा की रमन सिंह सरकार थी और केंद्र में भी लंबे समय से भाजपा की सरकार है, लेकिन आज तक दोषियों को सजा क्यों नहीं मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से एनआईए ने अब तक पूछताछ क्यों नहीं की। कांग्रेस की मांग है कि रमन सिंह का भी नार्को टेस्ट कराया जाए, जिससे झीरम कांड का पूरा सच सामने आ सके।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जानबूझकर पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई। झीरम घाटी कांड स्वतंत्र भारत की सबसे हृदयविदारक घटनाओं में से एक है, जिसमें कांग्रेस ने अपने नेतृत्व की पूरी एक पीढ़ी को खो दिया। उन्होंने कहा कि इस कांड के पीछे तत्कालीन भाजपा सरकार की भूमिका संदिग्ध रही है और जांच को रोकने के लिए लगातार साजिशें की गईं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा गठित एसआईटी को झीरम मामले की जांच से रोकने के लिए केंद्र सरकार ने एनआईए के माध्यम से फाइल देने में बाधा डाली। सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिसंबर 2023 में एनआईए की अपील खारिज किए जाने के बाद भी जांच आगे नहीं बढ़ पाई। कांग्रेस की मांग है कि पूर्व में गठित एसआईटी के माध्यम से झीरम षड्यंत्र की जांच दोबारा शुरू की जाए।

दीपक बैज ने कहा कि झीरम घाटी कांग्रेस के लिए ऐसा घाव है जो कभी नहीं भर सकता। यह घटना देश के लोकतंत्र के माथे पर कलंक है। कांग्रेस इस षड्यंत्र को उजागर करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर झीरम मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।

इस प्रेसवार्ता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, गौरनाथ नाग, रविशंकर तिवारी, सेवादल कौशल नागवंशी, राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेतराज झा, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

 

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related