CG POLICE VILLAGERS CLASH : Villagers clash with the team that arrived to remove encroachment, causing chaos in Sita village.
मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी। जिले के सीता गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस वक्त तनाव में बदल गई, जब प्रशासन और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम जैसे ही बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते-ही-देखते झड़प में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई भारतीय वन अधिनियम की धारा 80-A के तहत की जा रही थी। प्रशासन का दावा है कि अतिक्रमणकारियों को पहले ही तीन बार नोटिस दिया जा चुका था, लेकिन तय समय तक जमीन खाली नहीं की गई। इसके बाद आज तय कार्यक्रम के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
बुलडोजर चलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध इतना बढ़ गया कि पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। हालात को संभालने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आगे कार्रवाई किस तरह की जाती है और ग्रामीणों से कैसे संवाद स्थापित किया जाता है।
