CG CONGRESS RALLY VIVAD : Congress rally controversy, BJYM files FIR
बिलासपुर, 29 नवंबर। बीते गुरुवार को नेहरू चौक पर सड़क, बिजली बिल और धान खरीदी को लेकर कांग्रेस द्वारा आयोजित धरना-प्रदर्शन के बाद सियासत गरमा गई है। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की फोटो पर कथित अभद्र टिप्पणी और अमर्यादित कृत्य के आरोप के बाद शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता भारी संख्या में सिविल लाइन थाने पहुंचे।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष निखिल केशरवानी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष विजय पांडेय और शादाब हुसैन के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
शिकायत में कहा गया है कि रैली के कारण नेहरू चौक जाम हो गया था और घर लौट रहे लोग रास्ते में फंस गए। इसी दौरान कथित रूप से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के पोस्टर पर अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लंघन करते हुए मुख्यमंत्री का अपमान किया।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 190, 191(2), 126(2) और 352 के तहत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

