NAVALE BRIDGE ACCIDENT : Uncontrolled container crushes several vehicles, 8 killed, many injured
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में गुरुवार शाम पुणे-बेंगलुरु नेशनल हाईवे पर नवले पुल के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक कंटेनर ट्रक तेज रफ़्तार में अचानक बेकाबू हो गया और कई वाहनों से टकरा गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक पुल के ढलान से उतरते समय अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही कई कारों व वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कुछ कारों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस व आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए कई फायर टेंडर लगाए गए। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख मुआवजा देने की घोषणा की है।

