CG NEWS: Liquor cheaper, slight relief on petrol, Kanhaiya Aggarwal criticized the government’s decision
रायपुर। मध्यवर्गीय नागरिक संगठन के प्रदेश संयोजक कन्हैया अग्रवाल ने प्रदेश सरकार के शराब की कीमतों में भारी कटौती के फैसले को कड़ी आलोचना करते हुए इसे शराब को बढ़ावा देने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ेगा। वहीं, पेट्रोल में केवल एक रुपए की मामूली राहत और डीजल की कीमतों में कोई छूट न देने के फैसले को भी उन्होंने निराशाजनक करार दिया।
कन्हैया अग्रवाल ने कहा, “सरकार को पांच सौ रुपए में सस्ता सिलेंडर प्रदान कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करना चाहिए था, लेकिन इसके विपरीत शराब (ब्लेंडर) को सस्ता कर दिया गया है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि शराब की तरह पेट्रोल-डीजल में भी बड़ी छूट मिलती तो माल भाड़ा, यात्रा भाड़ा सहित महंगाई पर काबू पाया जा सकता था।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले सरकारें शराब, गुटखा और सिगरेट जैसी वस्तुओं के विक्रय को हतोत्साहित करने के लिए टैक्स बढ़ाती थीं, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है कि शराब की कीमतों में कमी की गई है।
हालांकि, कन्हैया अग्रवाल ने ई-वे बिल की सीमा 50,000 रुपए से बढ़ाकर 1 लाख रुपए करने के फैसले पर वित्त मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा, “हमने इस मुद्दे पर विभागीय अफसरों को ज्ञापन सौंपने के साथ ही एक दिवसीय धरना भी दिया था, जिसके बाद यह राहत मिली है।”
कन्हैया अग्रवाल ने सरकार से आम जनता और मध्यम वर्ग के हित में कदम उठाने की मांग की और कहा कि महंगाई को नियंत्रित करने के लिए ठोस प्रयास होने चाहिए।
