IND vs PAK: Hurt by Pakistan’s defeat, 2 Indian youths commit suicide
मुरैना। शहर में दो अलग-अलग जगहों पर दो युवकों ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। एक घटना आधी रात को और दूसरी तड़के सुबह हुई। पुलिस प्रेम प्रसंग और भारत-पाकिस्तान मैच पर लगे सट्टे समेत हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।
पहली घटना, 18 वर्षीय युवक ने लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली
पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के वाटरबक्स इलाके की है, जहां 18 वर्षीय रेहान पुत्र सिराज अली खान ने रात 1 बजे अपने सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि रेहान के बड़े भाई इमरान खान नगर निगम में कर्मचारी हैं और उन्हीं की लाइसेंसी बंदूक से उसने आत्महत्या की। प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग की बातें सामने आ रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना: कट्टे से सिर में मारी गोली, CCTV में कैद हुई खुदकुशी
दूसरी घटना स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के बड़ोखर इलाके की है, जहां 24 वर्षीय पवन उर्फ सोनू उपाध्याय ने सोमवार सुबह 5 बजे परी मैरिज गार्डन के बाहर कट्टे से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मैरिज गार्डन के बाहर लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। मृतक सोनू मूल रूप से नावली गांव का निवासी था लेकिन फिलहाल कृष्णा बिहार कॉलोनी, बड़ोखर में रह रहा था।
सट्टेबाजी से जुड़ा हो सकता है मामला!
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि खुदकुशी से पहले सोनू ने किसी से फोन पर बातचीत की थी। भारत-पाकिस्तान मैच पर सट्टे और कुछ पुरानी रंजिशों को भी घटना से जोड़ा जा रहा है।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी रवि गुर्जर ने बताया कि मृतक के फोन की कॉल डिटेल निकाली जा रही है और हर एंगल से जांच जारी है। पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
