नई दिल्ली। कांगेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की संभल जाने की सारी कोशिशें नाकाम हो गईं। पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर पर ही उनका काफिला रोक दिया था, जिसके बाद वह वापस दिल्ली लौट गए हैं। बता दें, हिंसा प्रभावित संभल में 10 दिसंबर तक बाहरी लोगों के आने पर प्रतिबंध है। रोक के बावजूद राहुल गांधी संभल जाकर बवाल में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलना चाहते थे।
राहुल गांधी ने कहा, “हम संभल जाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस इजाजत नहीं दे रही है। विपक्ष के नेता के तौर पर जाना मेरा अधिकार है लेकिन फिर भी वे मुझे रोक रहे हैं। मैंने कहा कि मैं अकेले जाने को तैयार हूं, मैं पुलिस के साथ जाने को तैयार हूं लेकिन वे इस पर भी राजी नहीं हुए। अब वे कह रहे हैं कि अगर हम कुछ दिनों में वापस आते हैं, तो वे हमें जाने देंगे।”
‘यह विपक्ष के नेता के अधिकारों के खिलाफ है’
राहुल ने आगे कहा, ”यह विपक्ष के नेता के अधिकारों के खिलाफ है, उन्हें मुझे जाने देना चाहिए। यह संविधान के खिलाफ है, हम सिर्फ संभल जाना चाहते हैं, लोगों से मिलना चाहते हैं और देखना चाहते हैं कि वहां क्या हुआ। मुझे मेरे संवैधानिक अधिकार नहीं दिए जा रहे हैं। यह नया भारत है, यह संविधान को नष्ट करने वाला भारत है, हम लड़ते रहेंगे।”
प्रियंका गांधी ने कहा- राहुल को संभल जाने की अनुमति दी जानी चाहिए
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं, उनका संवैधानिक अधिकार है उन्हें मिलना चाहिए। उन्हें (संभल) जाने की अनुमति दी जानी चाहिए थी।” उन्होंने कहा, “राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं, उनका संवैधानिक अधिकार है उन्हें इस तरह से रोका नहीं जा सकता। उनका संवैधानिक अधिकार है उन्हें अनुमति दी जानी चाहिए कि वो पीड़ितों से मिलने जाए। उन्होंने ये भी कहा कि वह यूपी पुलिस के साथ अकेले चले जाएंगे लेकिन यह भी करने के लिए तैयार नहीं हुए। पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है।”
20 पाबंदी के बाद भी पहुंचे कांग्रेस नेता
बता दें, पुलिस प्रशासन की पाबंदी के बाद भी मंगलवार को कांग्रेस नेता संभल पहुंच गए थे और मृतकों के स्वजन से बातचीत कर उनका हाल जाना। कांग्रेस नेताओं के संभल पहुंचने और उनके पीड़ितों के स्वजन से मिलने के बारे में खुफिया विभाग व पुलिस को कोई जानकारी नहीं हो सकी। शहर में हुए बवाल के बाद शांति व सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से जगह जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही सुरक्षा व शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बाहरी व्यक्तियों के आने पर पाबंदी लगा दी गई थी। जहां पहले 30 नवंबर तक यह पाबंदी थी, लेकिन बाद में प्रशासन की ओर से इसे बढ़ाकर 10 दिसंबर तक दिया गया था।
