POLITICAL NEWS: बेंगलुरु। महाराष्ट्र और झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे कल आएंगे। चुनावी नतीजों से पहले सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को भरोसा जताया कि उनकी पार्टी और उसके गठबंधन सहयोगी महाराष्ट्र और झारखंड में सत्ता में आने जा रहे हैं। खरगे ने कहा कि दोनों राज्यों में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
कांग्रेस करेगी सत्ता में वापसी
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उम्मीद जताई कि महाराष्ट्र और झारखंड में लोगों ने कांग्रेस और उसके समर्थित गठबंधन के पक्ष में वोट किया है। चुनाव नतीजों से जुड़ी उम्मीदों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में खरगे ने कहा कि हमें जीतने की उम्मीदें हैं, हमने काम किया है, देखते हैं कल क्या होता है, कल पता चल जाएगा। मैं अभी जो भी कहूंगा, वह अटकलें ही होंगी।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा,”हमने बेहतर प्रदर्शन किया है। मैंने व्यक्तिगत रूप से हर क्षेत्र में कई बैठकों में हिस्सा लिया है, चाहे वह यहां (महाराष्ट्र) हो या झारखंड। हमें उम्मीद है कि हम सत्ता में आएंगे। हमें इस बात का भरोसा है।”
महाराष्ट्र और झारखंड के चुनावी नतीजे कल
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र और झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे कल यानी 23 नवंबर को आएंगे। महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 20 नवंबर को मतदान हुए थे। वहीं, झारखंड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान हुए थे।विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद बुधवार को आए कई एग्जिट पोल में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को बढ़त दी गई है। हालांकि, वास्तविक परिणाम के लिए 23 नवंबर का इंतजार करना होगा।
