BRIJMOHAN AGGARWAL BIOGRAPHY: Everyone’s favorite “Birju Bhaiya” became minister in Sai cabinet.. MLA of 8th.. Know his journey.
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव परिणाम आने के 19 दिन बाद आज विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। इस मंत्रिमंडल में भाजपा से आठ बार विधायक रहे बृजमोहन अग्रवाल को शामिल किया गया है। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बृजमोहन अग्रवाल ने सबसे पहले मंत्री के तौर पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
आइए जानते हैं कौन हैं बृजमोहन अग्रवाल –
रायपुर दक्षिण से विधायक बृजमोहन अग्रवाल आठवीं बार के विधायक हैं। वह अविभाजित मध्यप्रदेश में पटवा सरकार में मंत्री रहे, इसके बाद रमन सरकार के तीनों कार्यकाल में मंत्री रहे हैं। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी महंत रामसुंदर दास को 67,919 मतों के अंतर से हराया।
बृजमोहन अग्रवाल रमन सरकार के तीनों कार्यकाल में रहे मंत्री –
बृजमोहन अग्रवाल का जन्म एक मई 1959 को रायपुर में हुआ था। कामर्स व आर्ट्स दोनों विषय से पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले बृजमोहन अग्रवाल ने एलएलबी की डिग्री भी ली है। वे मध्य प्रदेश से बंटवारे से पूर्व भी मंत्री का पद संभाल चुके हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा द्वारा उन्हें सर्वश्रेष्ठ विधायक का पुरस्कार भी प्रदान किया गया है।
अग्रवाल ने मात्र 16 साल की उम्र में ही 1977 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ले ली थी। वर्ष 1981 और 1982 के दौरान वे छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रहे। 1984 में वे भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बने। 1988 से 1990 तक वे भाजयुमो के युवा मंत्री भी रहे। 1990 में वे पहली बार मध्यप्रदेश विधानसभा में विधायक चुनकर आए। वे राज्य के सबसे युवा एमएलए थे। इसके बाद से 1993, 1998, 2003, 2008, 2013, 2018 और 2023 में वे विधायक चुने गए।
