Trending Nowशहर एवं राज्य

CHANDRAYAAN 3 LANDING : छत्तीसगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर की गई है बड़े स्क्रीन की व्‍यवस्‍था, चंद्रयान-3 लैंडिंग का होगा सीधा प्रसारण

CHANDRAYAAN 3 LANDING: Big screen arrangements have been made at different places of Chhattisgarh, Chandrayaan-3 landing will be broadcast live

रायपुर। बुधवार को भारत के चंद्रयान-3 का लैंडर (विक्रम) चांद की सतह पर उतरेगा। इसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन, इसरो के अधिकृत यू-टयूब चैनल पर किया जाएगा। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए शहर के अलग-अलग स्थानों पर बड़े स्क्रीन पर इसे दिखाया जाएगा। शैक्षणिक संस्थान पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, एनआइटी रायपुर, विज्ञान केंद्र के साथ अन्य महाविद्यालयों में भी चंद्रयान-3 की लैंडिंग दिखाई जाएगी।

बता दें कि बुधवार को शाम 5:20 बजे से चंद्रयान-3 की चंद्रमा में लैंडिंग का सीधा प्रसारण इसरो की वेबसाइट www.isro.gov.in के अधिकृत यू-ट्यूब चैनल और दूरदर्शन के राष्ट्रीय टीवी चैनल पर किया जाएगा। प्रदेश के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए विशेष सभा का आयोजन कर इसका प्रसारण दिखाया जाएगा।

वहीं जिन स्कूलों में किसी कारणवश इसके प्रसारण की व्यवस्था नहीं हो पाएगी, वहां 24 अगस्त की सुबह दिखाया जाएगा। इससे पहले मंगल को सफल लैंडिंग की कामना करते हुए शहर के कई इलाकों में हवन-पूजन किया गया। बीटीआइ मैदान में हवन यज्ञ किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में लोग भी शामिल हुए।

जेआर दानी कन्या शाला में विज्ञान सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एसके पांडेय ने छात्रों व शिक्षकों को चंद्रयान-3 को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए इसे अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया।

सफलता के लिए किया हवन

भाजपा नेता अमित चिमनानी के नेतृत्व में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की कामना के साथ बीटीआइ मैदान में हवन किया गया। चिमनानी ने कहा कि चंद्रयान-3 आज के भारत का एक ऐसा प्रतीक है, जो दुनिया को भारत की तस्वीर दिखा रहा है। देशवासी चाहते हैं कि भारत एक ऐसा इतिहास लिखे जो विकसित देशों की केवल कल्पना में ही है। हमारे देश के वैज्ञानिकों की मेहनत सफल हो। हवन यज्ञ में मुरलीधर शादिजा, आसनदास पिदवानी, तनय लूनिया, दलविंदर बेदी, प्रवीण साहू आदि शामिल थे।

 

 

cookies_advt2024_08
advt_001_Aug2024
july_2024_advt0001
Share This: