WINCHESTER MYSTERY HOUSE : 60 कमरों वाला वो भूतिया घर, जहां सीढ़ियां कहीं नहीं जातीं …

Date:

WINCHESTER MYSTERY HOUSE : The 60-room haunted house where the stairs lead nowhere…

सैन जोस (कैलिफ़ोर्निया), 8 नवंबर 2025। अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया स्थित विनचेस्टर मिस्ट्री हाउस को देश के सबसे भूतिया घरों में से एक माना जाता है। यह विक्टोरियन युग की हवेली अपने अजीबो-गरीब नक्शे, रहस्यमयी रास्तों और डरावनी कहानियों के लिए मशहूर है। इस हवेली में ऐसी सीढ़ियां हैं जो कहीं नहीं जातीं, सैकड़ों छिपे हुए दरवाजे हैं और एक भूलभुलैया जैसा ढांचा है, जो किसी को भी चौंका देता है।

दुख और रहस्य से जुड़ी सारा विनचेस्टर की कहानी

इस रहस्यमयी हवेली की शुरुआत सारा विनचेस्टर नामक महिला की त्रासदी और अंधविश्वास से जुड़ी है। 1866 में सारा ने अपनी नवजात बेटी एब्बी को खो दिया और 1881 में उनके पति की भी मौत हो गई। इन दो दर्दनाक घटनाओं ने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया।

इसके बाद सारा ने अपना कनेक्टिकट वाला घर छोड़ दिया और कैलिफ़ोर्निया की सांता क्लारा वैली में बस गईं। 1884 में उन्होंने आठ कमरों वाला अधूरा फार्महाउस खरीदा, जिसे उन्होंने अपनी आखिरी सांस (1922) तक लगातार बनवाते हुए 24,000 वर्ग फुट की विशाल हवेली में बदल दिया।

बिना नक्शे का घर

इस हवेली में 160 कमरे, 10,000 खिड़कियां और 2,000 दरवाजे हैं। कोई औपचारिक नक्शा नहीं था, इसलिए इसका ढांचा एक भूलभुलैया की तरह बन गया। कहा जाता है कि सारा ने यह घर विनचेस्टर राइफल से मारे गए लोगों की आत्माओं को शांत करने के लिए बनवाया था।

विनचेस्टर मिस्ट्री हाउस के निदेशक वाल्टर मैग्नसन बताते हैं, “1923 से अब तक दुनिया भर से लाखों लोग यहां आते हैं। कुछ लोग प्रेरित होकर जाते हैं, तो कुछ और सवालों के साथ लौटते हैं।”

आत्माओं या वास्तुकला का कमाल?

हालांकि शोधकर्ताओं का कहना है कि सारा के रहस्यमयी व्यवहार के पीछे भूत नहीं बल्कि उनका दर्द और गोपनीय स्वभाव था। वह ज्यादातर अकेली रहती थीं और रुमेटॉइड आर्थराइटिस की वजह से सार्वजनिक रूप से कम दिखती थीं।

भले ही इसके पीछे की सच्चाई कुछ भी हो, लेकिन आज भी विनचेस्टर मिस्ट्री हाउस अमेरिका के सबसे रहस्यमयी और चर्चित भूतिया स्थलों में गिना जाता है, जहां आने वाले हर शख्स को कुछ अनकही बेचैनी और रहस्य का अहसास जरूर होता है।

 

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related