Trending Nowशहर एवं राज्य

देरी से मिलने आया प्रेमी तो प्रेमिका ने मिट्टी तेल डाल कर खुद को लगा ली आग

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सीपत क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमी के देरी से आने पर प्रेमिका ने खुद पर मिट्टी तेल डाल कर आग लगा ली। दरअसल मामला ये है कि सीपत क्षेत्र में रहने वाली किशोरी ने अपने प्रेमी को मिलने के लिए बुलाया था। दूसरे जिले में रहने वाले प्रेमी को उसके घर पहुंचने में देर हो गई। इससे नाराज किशोरी ने खुद पर मिट्टी का तेल डाल लिया। प्रेमी के घर पहुंचते ही उसने मिट्टी तेल से भीगे कपड़ों में आग लगा ली। घटना से हड़बड़ाए प्रेमी ने किसी तरह आग बुझाया। इसके बाद उसे लेकर अकलतरा के अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रविवार को सीपत पुलिस ने आहत का बयान दर्ज किया है।

घर पर कोई नहीं होने पर बुलाया मिलने
सीपत क्षेत्र में रहने वाली किशोरी 17 वर्षीय किशोरी शुक्रवार को अपने घर में अकेली थी। उसके पिता और मां रोजी मजदूरी करते हैं। वे अपने काम पर चले गए थे। इसी बीच किशोरी ने अपने प्रेमी जितेंद्र जांगड़े को मिलने के लिए बुलाया। जितेंद्र जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना अंतर्गत धनपुर में रहता है। दूर होने की वजह से वह किशोरी के बताए समय पर नहीं पहुंच पाया। इससे किशोरी नाराज हो गई। उसने अपने कपड़ों पर मिट्टी का तेल डाल लिया। इसके बाद वह अपने प्रेमी का इंतजार करने लगी।

 

नाराजगी जताते हुए लगाई आग
जितेंद्र जैसे ही उसके घर पहुंचा किशोरी ने नाराजगी जताते हुए अपने कपड़ों में आग लगा ली। घटना से हड़बड़ाए प्रेमी ने किसी तरह आग को बुझाया। इसके बाद उसने आहत किशोरी को लेकर अकलतरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होने के बाद अकलतरा पुलिस ने शुन्य में मामला दर्ज कर सीपत थाने में इसकी डायरी भेजी। पुलिस ने मामला दर्ज कर रविवार को आहत का बयान लिया है। इसके बाद घटना की जांच की जा रही है। सोमवार को किशोरी के गांव में जाकर आसपास के लोगों से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद मामला स्पष्ट होगा

पुलिस से पहले हुई गफलत
सीपत थाने में पदस्थ निरीक्षक आरके सोरी ने बताया कि घटना के तत्काल बाद आहत का प्रेमी उसे लेकर अकलतरा चला गया। इसकी प्राथमिक जांच भी अकलतरा पुलिस ने की है। इसमें पुलिस को पता चला कि प्रेमी ने ही किशोरी को आग के हवाले किया है। इसके आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया। रविवार को सीपत पुलिस ने आहत और उसके स्वजन का बयान दर्ज किया। इसमें दूसरा मामला निकलकर सामने आया। इसके बाद पुलिस ने आहत का कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया है।

Share This: