रायपुर: राजधानी रायपुर के जरवाय श्मशान घाट में तंत्रमंत्र किए जाने का दावा किया है। अस्थियां बटोरने पहुंचे परिजनों को सिर के अवशेष गायब मिले और पास में ही काला कपड़ा, नींबू और सिंदूर पड़ा मिला, जिसको लेकर अब परिजनों को अस्थियों के साथ छेड़खानी किए जाने की आशंका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शेखर यादव की मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार 19 फरवरी को कबीर नगर थाना क्षेत्र के जरवाय श्मशान घाट में किया गया था। वहीं जब उसके परिजन अस्थियां चुनने आए, तो सिर के अवशेष गायब मिले। इतना ही नहीं चिता के पास में ही उन्हें काला कपड़ा, नींबू और सिंदूर सहित तंत्रमंत्र का सामान मिला।
इसके अलावा श्मशान घाट परिसर में ही एक बाइक भी लावारिस हालत में पड़ी मिली, जिससे ये मामला और भी पेचीदा हो गया है। घटना की शिकायत कबीर नगर थाने में की गई है।
पुलिस ने भी शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरु कर दी है। जांच में सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
तांत्रिक या अघोरी नकारात्मक शक्तियों को अपने वश में करने, तंत्र साधना, मारण, मोहन, वशीकरण और तंत्रमंत्र की सिद्धी के लिए मानव के अस्थियों (हड्डियों) का इस्तेमाल करते हैं। मानव के सिर का इस्तेमाल या तो वे पूजा-पाठ के लिए करते हैं या फिर माला बनाकर पहन लेते हैं।

