Syria Mosque Blast : Bomb explodes in mosque during Friday prayers in Homs, Syria, killing 8
नई दिल्ली। सीरिया के होम्स शहर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में भीषण बम धमाका हो गया। इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका वादी अल-दहब इलाके में स्थित इमाम अली इब्न अबी तालिब मस्जिद में हुआ, जो अलावी बहुल क्षेत्र है।
नमाज के दौरान हुआ धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मस्जिद में उस वक्त बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। यह मस्जिद युद्ध से तबाह इलाके में सभाओं और मानवीय सहायता वितरण के केंद्र के तौर पर भी इस्तेमाल की जाती रही है। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मस्जिद में लगाए गए थे विस्फोटक
सीरियाई समाचार एजेंसी सना ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रारंभिक जांच में मस्जिद के अंदर विस्फोटक उपकरण लगाए जाने की आशंका जताई गई है। धमाके के बाद आंतरिक मंत्रालय ने पूरे इलाके को घेराबंदी में ले लिया है।
तस्वीरों में तबाही का मंजर
मस्जिद से सामने आई तस्वीरों में कालीनों पर खून फैला नजर आ रहा है। दीवारों में बड़े छेद हो गए हैं और खिड़कियां व दरवाजे पूरी तरह टूट चुके हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
विदेश मंत्रालय का बयान
सीरियाई विदेश मंत्रालय ने इस हमले को “कायरतापूर्ण आपराधिक कृत्य” बताया है। मंत्रालय ने कहा कि यह हमला मानवीय और नैतिक मूल्यों पर सीधा वार है और इसका मकसद सुरक्षा व स्थिरता को कमजोर कर अराजकता फैलाना है।
मंत्रालय ने साफ किया कि ऐसे हमले आतंकवाद के खिलाफ सीरिया के मजबूत रुख को कमजोर नहीं कर सकते और सरकार दोषियों को जवाबदेह ठहराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगी।

