AAKARSHI KASHYAP : Returning from injury, Aakarshi wins two consecutive international medals
रायपुर। छत्तीसगढ़ की बैडमिंटन खिलाड़ी और दुर्ग पुलिस में DSP के पद पर पदस्थ आकर्षि कश्यप ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार वापसी की है। उन्होंने महज दो सप्ताह के भीतर दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है। चोट से उबरने के बाद आकर्षि के इस प्रदर्शन को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
नीदरलैंड में दिग्गज खिलाड़ी को हराया
दुर्ग पुलिस के मुताबिक, नीदरलैंड में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में आकर्षि ने डेनमार्क की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अमाली शुल्ज को सीधे गेम में हराया। उन्होंने यह मुकाबला 21-15 और 21-13 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता में रजत पदक अपने नाम किया।
तुर्किये में भी जीता सिल्वर मेडल
नीदरलैंड के बाद आकर्षि ने तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में हिस्सा लिया। यहां भी उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक जीता। इस प्रतियोगिता में उन्होंने तीन दिनों के भीतर पांच मुकाबले खेले। लगातार मैच खेलने के दबाव के बावजूद उन्होंने अपना प्रदर्शन बनाए रखा।
चोट के बाद लगातार दो अंतरराष्ट्रीय पदक जीतना आकर्षि के लिए अहम उपलब्धि है। इससे उनके आत्मविश्वास को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अब जर्मनी में अगली चुनौती
आकर्षि का अगला लक्ष्य जर्मनी में होने वाला HYLO Open बैडमिंटन टूर्नामेंट है। यह प्रतियोगिता 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए वह 23 अक्टूबर को रवाना होंगी।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि नीदरलैंड और तुर्किये में लगातार सफलता हासिल करने वाली आकर्षि जर्मनी में कैसा प्रदर्शन करती हैं।
